अंगूर उत्पादक किसानों की मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख – उपमुख्यमंत्री अजित पवार

पुणे में आयोजित 65वें अंगूर बाग़ायतदार संघ अधिवेशन में उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की मांगों के प्रति सकारात्मक है और जल्द ही ठोस निर्णय लिए जाएंगे।

अगस्त 27, 2025 - 12:03
 0
अंगूर उत्पादक किसानों की मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख – उपमुख्यमंत्री अजित पवार
महाराष्ट्र राज्य अंगूर बाग़ायतदार संघ के 65वें वार्षिक अधिवेशन में उपमुख्यमंत्री अजित पवार, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और अन्य अतिथियों ने ‘द्राक्ष वृत्त’ स्मारिका का विमोचन किया।

पुणे – महाराष्ट्र राज्य अंगूर बाग़ायतदार संघ के 65वें वार्षिक अधिवेशन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री एवं जिले के पालकमंत्री अजित पवार ने किया। इस अधिवेशन में अंगूर उत्पादक किसानों के साथ कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञ, अधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

इस अवसर पर अजित पवार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मुंबई में बैठक आयोजित कर किसानों की मांगों की समीक्षा की जाएगी और केंद्र सरकार से भी संवाद स्थापित कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “किसानों का जीवन स्तर ऊँचा उठाना, उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना और उनकी उपज को सही बाजार मिलाना ही सरकार का लक्ष्य है। अंगूर उत्पादक किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार सकारात्मक है और आने वाले समय में ठोस कदम उठाए जाएंगे।”

कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने कहा कि “मैं स्वयं अंगूर उत्पादक किसान हूँ, इसलिए किसानों की समस्याएँ मेरे लिए व्यक्तिगत हैं। कृषि विभाग लगातार किसानों को बेहतर आय दिलाने के लिए काम कर रहा है। निर्यात पर ध्यान देना ज़रूरी है, लेकिन घरेलू बाजार भी बहुत बड़ा है जिस पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।”

संघ के अध्यक्ष कैलास भोसले ने सौर पंप योजना में सुधार, अंगूर फसल बीमा योजना पुनः शुरू करने, खेती के किराए के करार पर स्टाम्प ड्यूटी 50% से घटाकर 1% करने, अंगूर निर्यात के लिए रेफ्रिजरेटेड वैन उपलब्ध कराने, परिवहन विभाग की शर्तें आसान करने और किशमिश प्रसंस्करण केंद्रों को अधिक अनुदान देने जैसी कई मांगें सरकार के समक्ष रखीं।

अधिवेशन में ‘द्राक्ष वृत्त’ स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही कृषिभूषण पुरस्कार विजेता सुरेश एकनाथ कळमकर और चिली के अंगूर वैज्ञानिक कार्लोस फ्लोडी का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री पवार ने प्रदर्शनी का दौरा किया, जिसमें आधुनिक कृषि उपकरण, अंगूर खेती के लिए आवश्यक तकनीक, ड्रोन और मशीनरी प्रदर्शित की गई थी। किसानों ने इन स्टॉलों को उत्साहपूर्वक प्रतिसाद दिया।